अररिया जिला मुख्यालय स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

Spread the love

राज कुमार साह (राजू) अररिया, 26 जनवरी 2026

अररिया जिला मुख्यालय स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर  मंत्री, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, अररिया जिला  लखेन्द्र कुमार रौशन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया।

समारोह में माननीय जिला परिषद अध्यक्ष अररिया श्री आफताब अजीम पप्पू, माननीय विधायक जोकीहाट  मोहम्मद मुर्शीद आलम, जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन, पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत माननीय मंत्री महोदय द्वारा सलामी गारद के निरीक्षण से हुई। इसके उपरांत उन्होंने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया। अपने संबोधन में माननीय मंत्री महोदय ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि अररिया जिला में माननीय मुख्यमंत्री की सम्पन्न प्रगति यात्रा के दौरान 304.65 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विभागों की कुल 404 योजनाओं का उद्घाटन तथा 45 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। जिसमें सुन्दरनाथ धाम का पर्यटन की दृष्टि से विकास, फारबिसगंज शहर में रेलवे आर०ओ०बी० का निर्माण, सैफगंज–सुकैला मोड़ का चौड़ीकरण, अररिया–कुर्साकांटा–कुआड़ी–सिकटी पथ का चौड़ीकरण तथा जिला मुख्यालय में 620 सीट क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनमें से कई योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। माननीय मंत्री महोदय ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 244 पुल एवं पुलियाओं के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से 167 पुल/पुलिया का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष 77 पुल/पुलियाओं का कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है, जिससे अररिया जिले के लगभग 4 लाख 30 हजार घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं को शून्य बिजली बिल प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना–2 के अंतर्गत जिले के 7,200 किसानों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। साथ ही विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार हेतु आर०डी०एस०एस० योजना के तहत 7 नए विद्युत शक्ति उपकेन्द्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनसे आगामी 9 महीनों के भीतर विद्युत आपूर्ति प्रारंभ होने का लक्ष्य है।

शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले की सभी नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों में विभिन्न स्थलों पर सी०सी०टी०वी० कैमरे अधिष्ठापित किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि विगत एक वर्ष में जिले की विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लगभग 65 हजार महिलाओं का संस्थागत प्रसव कराया गया है। साथ ही सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क डिजिटल एक्स-रे की सुविधा तथा सदर अस्पताल, अररिया में सी०टी० स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् द्वारा कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के बीच लगभग 3 लाख 57 हजार पाठ्यपुस्तक सेट वितरित किए गए हैं। वहीं कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को लगभग 4 लाख 72 हजार स्टूडेंट किट उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, श्रवण यंत्र तथा ब्रेल किट के साथ स्मार्ट केन प्रदान किए गए हैं।

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत 13,803 छात्र-छात्राओं को शिक्षा ऋण, 10,258 बेरोजगार युवाओं को स्वयं सहायता भत्ता तथा 66,437 युवाओं को कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण हेतु पंजीकृत किया गया है। अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षणिक विकास हेतु लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से 560 बेड वाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त 100 बेड का बालक छात्रावास निर्माणाधीन है तथा 150 बेड का बालिका छात्रावास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।

जिले में वर्तमान में 3 लाख 48 हजार पेंशनधारियों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट–2 के अंतर्गत “स्वच्छ गाँव, समृद्ध गाँव” अभियान के तहत 211 पंचायतों में से 182 पंचायतों में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

आवास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024–25 एवं 2025–26 में कुल 88,893 लक्ष्यों के विरुद्ध 88,887 स्वीकृतियाँ प्रदान की गई हैं, जिनमें से लगभग 94 प्रतिशत लाभुकों को प्रथम किस्त का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत जिले की 211 पंचायतों के 2,887 वार्डों में कुल 30,980 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 24,560 सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के लगभग 2 लाख 78 हजार किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना के अंतर्गत जिले के 5,65,252 घरों में नल-जल योजना के तहत लौह मुक्त पेयजल उपलब्ध कराया गया है।

बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत अब तक प्राप्त 51,759 परिवादों में से लगभग 99 प्रतिशत का सफलतापूर्वक निवारण किया जा चुका है। जीविका योजना के अंतर्गत जिले में 39 हजार स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिससे लगभग 5 लाख 36 हजार महिलाएँ जुड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत इन महिलाओं के बैंक खातों में 10,000 रुपये की राशि भेजी गई है तथा आगे 2 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024–25 में 259 लाभुकों को लाभान्वित किया गया है। माननीय मंत्री महोदय ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग से अररिया जिला विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन करते हुए सभी जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

साथ ही इस अवसर पर माननीय मंत्री महोदय द्वारा परेड एवं झांकी के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्लाटून कमांडर एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया। इसके उपरांत माननीय मंत्री महोदय दोगाछी टोला, चातर पंचायत में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।

परेड

प्रथम – अररिया जिला पुलिस बल (पुरुष)

द्वितीय – बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस

तृतीय – अररिया जिला पुलिस बल (महिला)

झांकी

प्रथम -जिला विकास अभिकरण (स्वच्छता) अररिया ( सोख्ता, कचरा उठाव प्रबंधन अभिनय)

द्वितीय – जिला परिवहन पदाधिकारी, अररिया (गुड समेरिटन, सड़क दुर्घटना, एम्बुलेस)

तृतीय – जिला कृषि पदाधिकारी, अररिया (समेकित कृषि प्रणाली, तालाब मछली, फलदार वृक्ष, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मसरूम, मधुमक्खी पालन)

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top