

राज कुमार साह (राजू ) अररिया, 09 फरवरी 2026
जनता दरबार में जिला पदाधिकारी द्वारा सुनी गई आमजन की समस्याएं
बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में कुल 08 परिवादियों द्वारा अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों में भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग से संबंधित मामलों की संख्या अधिक रही। जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस क्रम में भूमि विवाद से जुड़े कई मामलों में जिला पदाधिकारी द्वारा अपर समाहर्ता के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निष्पादन भी कराया गया, जिससे परिवादियों को तत्काल राहत मिल सकी।
जनता दरबार में मकसूद खातून द्वारा फर्जी बिक्री विलेख के आधार पर भूमि हड़पने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई। वहीं अब्दुश सत्तार ने बिहार सरकार की जमीन पर अतिक्रमण कर रास्ता बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मनोज साह ने नामांतरण वाद में सहमति पत्र पर जबरन हस्ताक्षर कराए जाने का आरोप लगाया। इसके अलावा शेख बशीरुद्दीन द्वारा जबरन जमीन पर कब्जा कर स्थायी मकान निर्माण करने की शिकायत की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी कार्यालयों में सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है।
