
वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. मथुरा न्यायालय में परिवाद दाखिल करने वाली महिला मीरा राठौर और गुंजन शर्मा को अनिरुद्धाचार्य की तरफ से 10 लाख रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है. यह नोटिस संबंधित पक्ष के हाईकोर्ट के अधिवक्ता की ओर से भेजा गया है, जिससे मामला दोबारा सुर्खियों में आ गया है. वहीं मीरा राठौर ने नोटिस से डर कर चुप बैठने से इनकार कर दिया है. साथ ही एक वीडियो भी कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिए जारी किया है.
गौरतलब है कि कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर गुंजन शर्मा ने 28 अगस्त को मथुरा न्यायालय में परिवाद दाखिल किया था. इसके बाद मीरा राठौर ने भी इसी प्रकरण में अलग से परिवाद प्रस्तुत किया. दोनों मामलों के बाद यह विवाद लगातार चर्चा में बना रहा. अब मानहानि नोटिस मिलने के बाद प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है. आगरा अखिल भारत हिंदू महासभा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर का कहना है कि मानहानि का नोटिस भेजकर उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि गलती करने के बाद उल्टा मानहानि का नोटिस भेजा गया है. मीरा राठौर ने कहा कि यह वही स्थिति है, जब उल्टा चोर कोतवाल को डांटे. उनके अनुसार यह लड़ाई महिलाओं के सम्मान की है और इसे किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा.
