जिले में पोषण पखवाड़ा के तहत अन्नप्राशन कार्यक्रम का किया गया आयोजन।

Spread the love

राज कुमार साह…अररिया, 20 अप्रैल 2026

जिले में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक चल रहे 8वें पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर लगातार जनजागरूकता एवं पोषण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभागीय कैलेंडर के अनुसार विशेष अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे बच्चों के परिवार एवं समुदाय के लोगों के बीच उत्सव के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि छह माह की आयु पूर्ण करने वाले बच्चों के लिए मां के दूध के साथ ऊपरी आहार अत्यंत आवश्यक होता है, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को सही दिशा मिलती है। इस अवसर पर अभिभावकों को संतुलित आहार, स्तनपान, पूरक पोषण एवं स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्षों में मस्तिष्क के समुचित एवं सर्वोत्तम विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन (Early Child Stimulation) के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही बच्चों में मोबाइल देखने की बढ़ती प्रवृत्ति को कम करने तथा जंक फूड एवं फास्ट फूड से परहेज करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवधि में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विशेष गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। सभी गतिविधियों की प्रविष्टि जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर सुनिश्चित की जा रही है तथा जिला एवं परियोजना स्तर से इसकी सतत निगरानी की जा रही है।

वर्ष 2026 के पोषण पखवाड़ा के तहत पांच प्रमुख थीम निर्धारित किए गए हैं। 9 से 15 अप्रैल तक मातृ एवं शिशु पोषण तथा 0-3 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना पर विशेष जोर दिया गया, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों में पोषण एवं देखभाल व्यवहार सुदृढ़ हो सके तथा बच्चों के संज्ञानात्मक एवं भाषा विकास को बढ़ावा मिले।

वहीं 16 से 23 अप्रैल तक 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा के माध्यम से स्कूल रेडीनेस एवं समग्र विकास सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्क्रीन टाइम में कमी लाकर स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त पूरे पखवाड़े के दौरान मजबूत आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा आमजन को पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

आज के कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती कविता कुमारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं पोषण अभियान के जिला समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Source PRA

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top