
राज कुमार साह…अररिया, 20 अप्रैल 2026
जनता दरबार में 38 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय, अररिया स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 38 शिकायतों की सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। मो0 इमरान ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने की मांग की। वहीं विनोद यादव द्वारा केवाला द्वारा प्राप्त जमीन पर जबरन दखल कब्जा किए जाने की शिकायत की गई। नूर मोहम्मद ने पुलिस की निगरानी में घर निर्माण कराने की मांग रखी।
शिक्षा से जुड़े मामले में उपेंद्र यादव, सुबोध यादव एवं विनोद यादव ने राम रामानुग्रह उच्च विद्यालय, हांसा कमालपुर में बच्चों के नामांकन को लेकर समस्या रखी। वहीं मसरूर आलम ने बिजली बिल माफी से संबंधित आवेदन दिया। इसके अलावा वीरेंद्र यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय कुपारी के शिक्षक श्री अनमोल कुमार को पुनः उसी विद्यालय में पदस्थापित करने की मांग की।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान करना है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Source PRA
