
राज कुमार साह / अररिया, 29 दिसम्बर 2025
बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों के लिए राहत कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने अररिया एवं फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न चौक–चौराहों पर जिला प्रशासन द्वारा की गई अलाव व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। जिला पदाधिकारी स्वयं रात के अंधेरे में सड़कों पर निकलकर अलाव स्थलों पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फारबिसगंज पटेल चौक, फारबिसगंज जंक्शन, पोस्ट ऑफिस चौक तथा बस स्टैंड रोड, अररिया अनुमंडल अंतर्गत बस स्टैंड, सदर अस्पताल रोड सहित आदि स्थलों पर अलाव व्यवस्था का जायजा लिया। स्थानीय लोगों से प्रतिदिन अलाव जलने की स्थिति पूछी गई, जो संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी की इस मानवीय पहल से जरूरतमंदों में राहत और भरोसे का भाव देखा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शीतलहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। किसी भी जरूरतमंद को सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को रात्रि में भी प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बेसहारा लोगों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के पूरे मौसम में अलाव, कम्बल वितरण सहित सभी राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो।
वहीं जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कंबल का वितरण जरूरतमंदों के बीच किया जा रहा है।
