

राज कुमार साह (राजू) अररिया, 11 फरवरी 2026
महाशिवरात्रि मेला एवं सुंदरनाथ धाम महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सुन्दरनाथ धाम का किया गया संयुक्त स्थलीय निरीक्षण
आगामी महाशिवरात्रि मेला एवं सुंदरनाथ धाम महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से सुन्दरनाथ धाम परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। ज्ञात हो कि 15 फरवरी 2026 को सुंदरनाथ धाम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा तथा इसी दिन से महाशिवरात्रि मेला भी प्रारंभ होगा, जो आगामी 15 दिनों तक चलेगा।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर मंदिर कमिटी के सदस्यों, सीमा सुरक्षा बल एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई एवं पेयजल जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा अंचलाधिकारी कुर्साकांटा को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के आसपास अवैध अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संधारण हेतु आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी बरतने की बात कही। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अररिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
