जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) जोगबनी का किया निरीक्षण, निर्यात–आयात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने का दिया निर्देश

Spread the love

 

राज कुमार साह (राजू) अररिया, 01 जनवरी 2026

जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा आज इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) जोगबनी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने ICP के मुख्य गेट, इंपोर्ट पार्किंग एरिया, कस्टम एरिया, कार्गो एरिया, ऑफिसर ब्लॉक, सुरक्षा गार्ड ब्लॉक, फायर स्टेशन एवं प्रशासनिक भवन का जायजा लिया तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण उपरांत ICP जोगबनी के सभागार में अधिकारियों एवं एसएसबी कंपनी कमांडेंट के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ICP प्रबंधक श्री रत्नाकर यादव द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के दौरान निर्यात–आयात प्रक्रिया, विभिन्न वस्तुओं (कमोडिटीज) के आवागमन, नागरिकों की आवाजाही की व्यवस्था तथा लैंड पोर्ट के भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने निर्यात–आयात प्रक्रिया को और अधिक सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि व्यापारियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष रूप से कस्टम क्लीयरेंस की प्रक्रिया को न्यूनतम समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा LPAI, कस्टम, एसएसबी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ICP जोगबनी को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, फारबिसगंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top