
राज कुमार साह (राजू) अररिया, 01 जनवरी 2026
नव वर्ष 2026 के अवसर पर कुसियारगांव जैव विविधता उद्यान (अररिया) में बढ़ती भीड़ की संभावना को देखते हुए विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री अंजनी कुमार द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आमजनों की सुविधा से जुड़े बिंदुओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण के क्रम में पर्यटकों के आवासन के लिए उद्यान में पूर्व से निर्मित ईको हट का जायजा लिया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों को नव वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन आमजन की सुरक्षा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से नव वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नव वर्ष को लेकर जिले के प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सतत निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने भी जिलेवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
