अररिया, 29 दिसंबर 2025
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र, अनिसाबाद, पटना से दिनांक 29.12.2025 को मौसम पूर्वानुमान संबंधी प्रतिवेदन के अनुसार अररिया जिले में अधिक ठंड तथा विशेष रूप से सुबह और शाम के समय कम तापमान की स्थिति है, जिसके कारण पढ़नेवाले छोटे बच्चों एवं छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।
इसको लेकर जिला दंडाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन, भा०प्र० से०, द्वारा आदेश जारी कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत अररिया जिले के सभी निजी सरकारी विद्यालयों (प्री स्कूल, आँगनबाड़ी केन्द्रों एवं कोचिंग संस्थान सहित) में वर्ग-08 तक शैक्षणिक गतिविधियों पर दिनांक 02.01.2026 (शुक्रवार) तक प्रतिबंध लगाया गया है। वर्ग 08 से उपर तक की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियाँ पूर्वाहन 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संचालित की जा सकती है। आँगनबाड़ी केन्द्र बच्चों को गर्म भोजन देने हेतु मध्याह्न 12:00 से 02:00 बजे तक खुलेंगे। यह आदेश मात्र शैक्षणिक गतिविधियों पर लागू होगा तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन यथावत किया जाता रहेगा। प्री बोर्ड/बोर्ड परीक्षा हेतु संचालित किये जाने वाले विशेष कक्षाओं का संचालन इससे मुक्त होगा।
जिला दंडाधिकारी ने संबंधित विभागों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिये हैं।
