
राज कुमार साह (राजू) अररिया, 14 जनवरी 2026
——————————————————
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, अररिया के संयुक्त तत्वावधान में 36वां जिला स्थापना दिवस सह मकर संक्रांति महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी सह मैराथन से हुई, जिसे जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रभातफेरी सह मैराथन अररिया कॉलेज स्टेडियम से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, गोढ़ी चौक होते हुए हाई स्कूल (एच.ई.) अररिया में संपन्न हुई। इस मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं एवं आम नागरिकों के साथ साथ पुलिस बल जवानों ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
मुख्य कार्यक्रम का आयोजन हाई स्कूल (एच.ई.), अररिया परिसर में किया गया। सर्वप्रथम मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन, माननीय विधायक जोकीहाट मोहम्मद मुर्शीद आलम एवं उपस्थित अन्य माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने 36वें जिला स्थापना दिवस सह मकर संक्रांति महोत्सव–2026 के पावन अवसर पर जिलावासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और विकास की यात्रा पर गर्व करने का अवसर प्रदान करता है। यह महोत्सव जिले की एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से जिले के सतत विकास, शांति और खुशहाली के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
इससे पूर्व स्टालों के निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधि गण द्वारा कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त जिया कुमारी, छवि कुमारी, गाजिया परवीन, काजल कुमारी, प्रियांशु राज को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिया गया। इसी प्रकार रिया कुमारी शिफा फिरदौस, राम कुमार और पीयूष शर्मा को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड प्रदान किया गया।
मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत लाभुकों के बीच मत्स्य किट का वितरण किया गया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत इंटरमीडिएट में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रा सोफिया नाज तराना आजमी को 15000 रूपये का सांकेतिक चेक, अल्पसंख्यक मुस्लिम महिला परित्यकता/तलाकशुदा योजना के तहत एक लाभुक को 25000 का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मौलवी/फोकानिया में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र क्रमशः मीठी नाज एवं शगुफ्ता को 15000/10000 का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।
जिला स्थापना दिवस के अवसर पर समाज कल्याण, जीविका, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, श्रम संसाधन, शिक्षा विभाग, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, स्वस्थ्य विभाग, कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, निर्वाचन विभाग, परिवहन विभाग, उद्योग केन्द्र, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। वहीं कार्यक्रम में परिवहन विभाग अंतर्गत सड़क सुरक्षा जन जागरूकता से संबंधित रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
Source PRA
